बलिया: भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत बलिया के रसड़ा तहसील क्षेत्र स्थित कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल, सिसवार कला में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं, निर्धारित दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना रहा। इसमें डिजिटल स्वगणना, घर-घर जाकर जनसंख्या गणना और ऑनलाइन डेटा दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। गौरतलब है कि जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी।
फील्ड ट्रेनर मानवेंद्र प्रताप सिसोदिया ने बताया कि द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपने और परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना और दर्ज सूचनाओं का सत्यापन करेंगे। स्वगणना करने वाले लोगों को प्राप्त आईडी जनगणना कर्मियों को उपलब्ध करानी होगी।
प्रशिक्षकों ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजकों ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।