लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोमती तट स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में बुधवार को उत्तराखंड महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लखनऊ में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों ने अपनी लोक संस्कृति, भाषा और पारंपरिक विरासत को सहेजकर रखा है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।
समारोह में विज्ञान और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली दो हस्तियों को ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री प्रो. विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायन के लिए वीना तिवारी को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महापरिषद की वार्षिक स्मारिका ‘उत्तराखंड दर्पण’ के विशेष संस्करण का विमोचन भी किया।
लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्यों ने मोहा मन
महोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री के स्वागत में पारंपरिक परिधानों में सजी 300 महिलाओं ने 20 दलों के साथ झोड़ा नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, अल्मोड़ा से आए उधांचल कला केंद्र के छोलिया दल ने ढाल, तलवार, मशकबीन, तुरही और रणसिंह के साथ आकर्षक प्रस्तुति दी। पीएसी बैंड की धुनों ने भी समारोह को खास बनाया।
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंडी जागर, लोकगीत, सामूहिक छपेली और झोड़ा नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। ‘वॉयस ऑफ उत्तराखंड’ के कलाकारों ने अपनी गायकी से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, ‘नाचेगा भारत सीजन-3’ और ‘डांस उत्तराखंड डांस सीजन-5’ के प्रतिभागियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर, विधायक ओपी श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और प्रो. रीता बहुगुणा जोशी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।