दिव्यांगजनों को स्थायी रोजगार से जोड़ने पर जोर, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए उन्हें स्थायी रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकायों और विभिन्न निगमों के साथ समन्वय स्थापित कर दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

 

बुधवार को अपने सरकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय और लखनऊ व चित्रकूट स्थित दिव्यांग विश्वविद्यालयों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्हें समान अवसर देने के साथ आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। वहीं, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

पेंशन भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी

 

दिव्यांगता पेंशन के भुगतान में देरी पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र लाभार्थियों को समय से पेंशन उपलब्ध कराने और भविष्य में देरी रोकने के लिए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

 

3 दिसंबर के आयोजन की तैयारी के निर्देश

 

अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर को प्रदेश स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने और समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां शुरू करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *