उत्तर प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में प्रदेश के कई शहरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी जगह बनाई है। राजधानी लखनऊ देश के शीर्ष तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में शामिल हुआ है, जबकि धार्मिक नगरी वाराणसी ने नदी तटीय नगरों की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, गाजियाबाद पूरे उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनकर उभरा है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया।
सामूहिक प्रयासों से मिली बड़ी सफलता
प्रदेश के शहरों की इस उपलब्धि पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह सफलता शहरी प्रबंधन में हुए सकारात्मक बदलावों और सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के शहर स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय नगरीय निकायों, सफाई कर्मचारियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दिया।
43 संकेतकों पर हुआ शहरों का मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण में देशभर के नगरीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर किया गया। इसमें घर-घर से कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, उसके उचित परिवहन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया गया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई, स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता, सीवर और मल-कीचड़ प्रबंधन में मशीनों के इस्तेमाल तथा इस्तेमाल किए गए पानी के उचित प्रबंधन को भी परखा गया। सर्वेक्षण में नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े प्रयासों को भी महत्व दिया गया।
नदी तटों और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर
इस बार के सर्वेक्षण में नदी तटों, समुद्र तटों, जल स्रोतों, पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं, स्कूलों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन से जुड़े प्रयासों को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया।
राष्ट्रीय सम्मान समारोह में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा और नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के शहरों का यह प्रदर्शन शहरी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।