महोबा में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़

 

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के माता-पिता खेत में मजदूरी करने गए थे और इसी दौरान गांव का एक युवक बच्ची को अकेला पाकर झोपड़ी में ले गया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

माता-पिता खेत में कर रहे थे मजदूरी

पुलिस के मुताबिक, मजदूर दंपति खेत में काम करने गए थे। उनकी तीन साल की बेटी पास की एक झोपड़ी में थी। इसी दौरान गांव के ही 25 वर्षीय युवक पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

आरोपी पुलिस की हिरासत में

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में भी नाराजगी का माहौल है। ग्रामीण आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *