वाराणसी: आस्था और भव्यता के महापर्व देव दीपावली को लेकर काशी में तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी के घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और नौका संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
इस बार गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए पहली बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत नावों के आने और वापस जाने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे, जिससे नौकाओं की टक्कर और अव्यवस्था की आशंका कम होगी।
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव आयोजित होगा। वहीं, 24 नवंबर को सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो तथा दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे। काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी।
सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे और क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात रहेंगी। जल सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था होगी। वहीं, यातायात प्रबंधन के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और शहर में 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।