दीपावली पर यूपी-112 अलर्ट: तीन दिनों में 2.05 लाख लोगों को मिली मदद, 11 महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: दीपावली के त्योहार पर प्रदेशवासियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए यूपी-112 की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। सात से नौ नवंबर तक तीन दिनों में यूपी-112 ने प्रदेश के 2,05,738 नागरिकों को आपात सहायता उपलब्ध कराई। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन करीब 38 हजार लोग इस सेवा का लाभ लेते हैं, वहीं दीपावली के दौरान मदद मांगने वालों की संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

 

यूपी-112 की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, छोटी दीपावली यानी सात नवंबर को 53,264 लोगों ने सहायता मांगी। आठ नवंबर को दीपावली के दिन यह संख्या बढ़कर 74,816 हो गई, जबकि नौ नवंबर को 77,753 नागरिकों को मदद पहुंचाई गई।

 

त्योहार के दौरान सबसे अधिक पुलिस संबंधी सहायता की मांग रही। तीन दिनों में दो लाख से अधिक लोगों को पुलिस संबंधी मामलों में सहायता दी गई। वहीं, चिकित्सा सेवाओं के तहत 36,817 मामलों में एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई, जबकि आग लगने की 7,029 घटनाओं में अग्निशमन विभाग ने मदद पहुंचाई।

 

यूपी-112 ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया। सवेरा योजना के तहत पंजीकृत 2,018 बुजुर्गों को जरूरत के अनुसार सहायता दी गई। इसके अलावा रात 10 बजे से सुबह छह बजे के बीच साधन नहीं मिलने पर 11 अकेली महिलाओं को पीआरवी टीमों ने सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

 

पुलिस महानिदेशक यूपी-112 के निर्देश पर त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई। पीआरवी टीमों और संबंधित विभागों के बेहतर समन्वय से आपात स्थितियों में नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *