कन्नौज में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को मारी टक्कर

अपराध उत्तर प्रदेश कन्नौज टॉप -न्यूज़ न्यूज़

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। हादसे में शामिल वाहन के थार होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

 

जानकारी के मुताबिक, आगौस गांव निवासी विजय कुमार (35) अपने तीन दोस्तों मनीष कुमार सविता (28), वेदराम पाल (45) और आशीष कुमार सविता (30) के साथ बाइक से विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विजय, मनीष और वेदराम की मौत हो गई, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल आशीष को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।

 

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, हादसे में एक चार पहिया वाहन शामिल था। मामले में मुकदमा दर्ज करने और पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *