नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय ‘किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026’ में गुरुवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री सम्मेलन में मौजूद किसानों, नीति-निर्माताओं और कृषि विशेषज्ञों को संबोधित करेंगे। ‘स्मार्ट किसान, विकसित भारत’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से 2,000 से अधिक किसान और कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री का संबोधन भारत मंडपम के प्लेनरी हॉल में होगा, जहां करीब 2,700 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। सम्मेलन का उद्देश्य किसानों की जरूरतों को केंद्र में रखकर भारतीय कृषि के भविष्य और विकास की संभावनाओं पर चर्चा करना है। इसके जरिए किसानों को विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के साथ सीधे संवाद का अवसर भी मिल रहा है।
कृषि में AI और आधुनिक तकनीक पर मंथन
दो दिवसीय सम्मेलन में खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाने के साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने पर विशेष चर्चा हो रही है। इसमें कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और बदलते मौसम के अनुकूल फसलों की उन्नत किस्मों के विकास जैसे मुद्दे शामिल हैं।
कई दिग्गज नेता भी हुए शामिल
सम्मेलन के पहले दिन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। गुरुवार के सत्र में दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी वक्ता के रूप में हिस्सा लेंगे।