उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर तत्काल चर्चा कराने की मांग की, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इसे नियमों के अनुरूप नहीं मानते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ और कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन की शुरुआत में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने नियम 311 के तहत राम मंदिर के कथित चढ़ावा विवाद पर चर्चा की मांग रखते हुए कहा कि यह प्रदेश और देश की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जब मामला इतना महत्वपूर्ण है तो इस पर विधानसभा में खुली चर्चा होनी चाहिए।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि नियम 311 का प्रयोग केवल विशेष परिस्थितियों में किया जाता है और यह मामला ऐसी श्रेणी में नहीं आता कि सदन का पूरा कामकाज रोक दिया जाए। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे विपक्ष केवल इसी मुद्दे को लेकर सदन में आया है।
अध्यक्ष के जवाब से असंतुष्ट समाजवादी पार्टी के विधायक अपनी सीटों से उठकर वेल में पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी सदस्य “चंदा चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में” जैसे नारे लगाते रहे, जिससे सदन का माहौल काफी गर्म हो गया।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जो दल आज राम मंदिर और आस्था की बात कर रहे हैं, वही अतीत में राम मंदिर आंदोलन का विरोध करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कथित चढ़ावा विवाद की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में इस विषय पर सदन में चर्चा कराना उचित नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की एक टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम विधायकों का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि अब वे भी राम मंदिर की बात कर रहे हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब सभी विधायकों को अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने का निमंत्रण दिया गया था, तब विपक्ष के कई सदस्य नहीं गए थे।
साथ ही महाना ने कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी की अलग राजनीतिक सोच के बावजूद राम मंदिर जाकर दर्शन किए थे।
राम मंदिर के कथित चढ़ावा विवाद को लेकर विधानसभा में हुआ यह हंगामा अब राजनीतिक गलियारों में नई बहस का विषय बन गया है। विपक्ष जहां इस मामले पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि जांच पूरी होने तक मामले को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।