CM योगी से मिले उद्योगपति विनय कुमार सिंह, गीडा और धुरियापार की औद्योगिक परियोजनाओं पर हुई चर्चा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

गोरखपुर: दीपावली के अवसर पर केयान डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक और श्रेयस ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के चेयरमैन विनय कुमार सिंह ने अपनी पत्नी दीप्ति सिंह और पुत्र श्रेयस सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया और गोरखपुर में चल रही औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।

 

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में निर्माणाधीन केयान डिस्टलरी और धुरियापार स्थित अल्ट्रा सुपर मेगा प्रोजेक्ट की जानकारी ली। विनय कुमार सिंह ने बताया कि डिस्टलरी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

 

गौरतलब है कि गीडा के सेक्टर-26 में करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित केयान डिस्टलरीज की अनाज आधारित इथेनॉल परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अप्रैल 2025 में किया था। इस संयंत्र की शुरुआती उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 3.5 लाख लीटर इथेनॉल है, जिसे बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन किया जा सकता है।

 

परियोजना से लगभग 2,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं, अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने, ग्रीन एनर्जी को प्रोत्साहन देने और ईंधन आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *