3 लाख रुपये से महंगी तीन बाइकें बिकीं, जिले में 2,500 से ज्यादा दोपहिया वाहनों की बिक्री; सर्राफा बाजार में 100 करोड़ से अधिक का कारोबार
सुल्तानपुर। धनतेरस के अवसर पर सुल्तानपुर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के मुताबिक, जिले में धनतेरस पर 400 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। कारोबारियों ने त्योहार को देखते हुए करीब 625 करोड़ रुपये का माल बाजार में उतारा था। ऑटोमोबाइल, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और कपड़ों के बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ रही।
ऑटोमोबाइल कारोबार में भी इस बार अच्छी तेजी देखने को मिली। सरदार बलदेव सिंह ने बताया कि बाजार में इस बार बड़े वाहनों के नए मॉडल आए हैं, जिनकी मांग काफी अधिक रही। इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी ग्राहकों में उत्साह देखने को मिला। मांग के मुकाबले सप्लाई कम होने के बावजूद कारोबार अच्छा रहा। उनके मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार कारोबार में 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी का अनुमान है। जिले में फोर-व्हीलर का कारोबार करीब 80 करोड़ रुपये रहा।
यामाहा एजेंसी के मालिक उतकल सेठ ने बताया कि जिले में ऑटोमोबाइल सेक्टर का कारोबार 60 करोड़ रुपये से अधिक रहा। धनतेरस पर 3 लाख रुपये से महंगी तीन बाइकें बिकीं, जबकि जिले में 2,500 से ज्यादा बाइक की बिक्री हुई। बुलेट एजेंसी में तो मांग इतनी अधिक रही कि बाइकें खत्म हो गईं।
सर्राफा बाजार में 100 करोड़ से अधिक की खरीदारी
धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवी प्रसाद सोनी ने बताया कि पिछले साल और इस साल सोने-चांदी की कीमतों में काफी अंतर रहा। पिछले साल चांदी का भाव करीब 3.20 लाख से 3.30 लाख रुपये था, जबकि इस साल यह करीब 1.80 लाख से 1.85 लाख रुपये के आसपास रहा। वहीं, सोने का भाव पिछले साल 1.65 लाख से 1.75 लाख रुपये के बीच था, जो इस समय करीब 1.41 लाख से 1.42 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल कीमतों में अचानक बढ़ोतरी के कारण ग्राहकों को बाजार में गिरावट की आशंका थी। इस बार लोगों ने मौजूदा कीमतों को खरीदारी के लिए बेहतर माना और खुलकर खरीदारी की। उनके मुताबिक, सर्राफा बाजार में पिछले साल की तुलना में करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।
शादियों वाले परिवारों ने भी धनतेरस के शुभ अवसर पर जेवरात खरीदने को प्राथमिकता दी। कई ग्राहकों ने पहले ही आभूषणों की बुकिंग करा रखी थी और धनतेरस के दिन डिलीवरी ली। कुछ लोगों ने चार से पांच दिन पहले खरीदारी कर जेवर इस दिन घर ले जाने का विकल्प चुना। शहर के ब्रांडेड ज्वैलरी शोरूमों में नए डिजाइन के सोने, चांदी और डायमंड के आभूषण सजाए गए थे। दुकानों पर 24 कैरेट से लेकर 9 कैरेट तक के सोने के आभूषण उपलब्ध रहे। सोने की ईंट, गिन्नी और चांदी के विक्टोरिया सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई। पुराने सिक्कों को लेकर ग्राहकों में खास भरोसा देखने को मिला।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में पांच करोड़ की बिक्री
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी धनतेरस पर अच्छी खरीदारी हुई। टीवी, मिक्सर, वॉशिंग मशीन समेत कई ब्रांडेड कंपनियों के उत्पादों की बिक्री हुई और कई सामानों की बुकिंग भी शुरू हो गई थी। व्यापारी अलंकार ने बताया कि जिले में इलेक्ट्रॉनिक्स के करीब 10 करोड़ रुपये के सामान बाजार में उतारे गए थे, जिसमें लगभग पांच करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
बर्तन और क्रॉकरी की दुकानों पर भीड़
धनतेरस और दीपावली को देखते हुए शहर की बर्तन दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। तांबा, पीतल, कांसा, फूल, स्टील और एल्युमिनियम के बर्तनों की मांग रही। महाराष्ट्र के बने स्टील के बर्तन और जगाधरी के पीतल-तांबे के बर्तन ग्राहकों को खूब पसंद आए। पूजा के लिए आरतीदान, पीतल की कटोरी, थाल, परात और थालियों की भी बिक्री हुई। वहीं, क्रॉकरी की दुकानों पर थर्मस, कप-प्लेट, ट्रे और सजावटी सामान आकर्षण का केंद्र रहे।
बर्तन कारोबारी मनीष और क्रॉकरी व्यापारी अरुण कुमार ने बताया कि त्योहार को देखते हुए करीब 20 करोड़ रुपये के आधुनिक और तकनीकी उत्पाद बाजार में उतारे गए थे। दीपावली तक पूरे जिले में करीब 10 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
कपड़ों के बाजार में भी रही रौनक
दीपावली को लेकर जिले के कपड़ा बाजारों से लेकर मॉल तक में ग्राहकों की भीड़ रही। दुकानों और शोरूमों को रंग-बिरंगे कपड़ों से सजाया गया था। मॉल और बड़े शोरूम में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कूपन, विशेष छूट और उपहार जैसे ऑफर दिए गए। कपड़ा व्यवसायी अमित जायसवाल ने बताया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के बाजारों के लिए करीब 15 करोड़ रुपये के नए कपड़े मंगाए गए थे, जिनमें से लगभग नौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
सचिन ने पूरा किया बोलेरो नियो खरीदने का सपना
धनतेरस का दिन कई परिवारों के लिए खुशियां लेकर आया। हलियापुर थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी सचिन ने अपनी मेहनत और लगन से लंबे समय से देखा जा रहा बोलेरो नियो खरीदने का सपना पूरा किया। करीब 12 लाख रुपये की इस गाड़ी की डिलीवरी लेने के दौरान सचिन अपने पूरे परिवार के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि यह गाड़ी खरीदना उनका पुराना सपना था, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की। सपना पूरा होने पर सचिन और उनके परिवार में खुशी का माहौल रहा।