नई दिल्ली: भारत और ओमान के बीच समुद्री सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस सूरत 8 नवंबर 2026 को ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचा। यहां भारतीय और ओमान की रॉयल नेवी के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ (समुद्री समीर) के 15वें संस्करण में हिस्सा लिया जाएगा। इस अभ्यास के बाद दोनों देशों की नौसेनाएं समन्वित गश्त (कॉरपैट) भी करेंगी।
अभ्यास के दौरान बंदरगाह और समुद्री चरणों में कई पेशेवर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें एक-दूसरे के नौसैनिक जहाजों का दौरा, परिचालन संबंधी विचार-विमर्श और खेल गतिविधियां शामिल हैं। इसके जरिए दोनों देशों के नौसैनिक कर्मियों को अपने अनुभव और कार्यप्रणालियां साझा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आपसी तालमेल और परिचालन क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा।
आईएनएस सूरत का यह दौरा भारत और ओमान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और मजबूत समुद्री साझेदारी को दर्शाता है। यह यात्रा भारत सरकार के ‘महासागर’ विजन के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा, इस दौरे से नवंबर 2025 में आयोजित संयुक्त सैन्य सहयोग समिति की 13वीं बैठक के दौरान बनी सकारात्मक गति को भी आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।