भदोही। जिले में गुम और खोए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में भदोही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 67 मोबाइल फोन खोजकर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 12 लाख 39 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 से अब तक जिले में कुल 981 गुम या खोए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 67 लाख 39 हजार 500 रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर मोबाइल फोन बरामद करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंचाना है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन खोजने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शिकायत मिलने पर संबंधित मोबाइल का आईएमईआई नंबर और अन्य जरूरी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाती है। इसके बाद ट्रेसबिलिटी रिपोर्ट, सिम नंबर और लोकेशन से जुड़ी जानकारियों का तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइल की तलाश की जाती है।
पुलिस के अनुसार, थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सीईआईआर पोर्टल, जनसुनवाई और डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर 67 मोबाइल फोन बरामद किए।
शनिवार दोपहर 2:30 बजे रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। मोबाइल मालिकों ने पुलिस अधीक्षक और पूरी टीम का आभार जताया।