देवरिया: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को देवरिया के पूर्व सांसद और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे और दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने वर्तमान सांसद शशांक मणि त्रिपाठी समेत शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बता दें कि श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के श्रद्धांजलि देने के बाद पूर्व सांसद की अंतिम यात्रा बरपार गांव से बरहज स्थित सरयू घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। रास्ते भर लोगों ने फूल बरसाकर अपने नेता को अंतिम विदाई दी।
बरहज में सरयू नदी के तट पर श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। उनके बड़े पुत्र और देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बिगुल की धुन और बंदूकों की सलामी के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस मौके पर पूरा घाट शोक और श्रद्धांजलि के नारों से गूंज उठा।