भारत ए के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में लगातार अर्धशतक लगाकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। जब टीम के अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे, तब भी रजत ने संयमित और जिम्मेदार पारियां खेलकर राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।
एक वनडे में हुए थे बाहर
रजत पाटीदार को भारत के लिए वनडे खेलने का अब तक केवल एक ही मौका मिला। साल 2023 में साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान दिसंबर 2023 में खेले गए अपने एकमात्र वनडे मैच में उन्होंने 22 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें टीम इंडिया से बाहर कर दिया गया और अब तक उन्हें वापसी का मौका नहीं मिला।
हालांकि, रजत ने घरेलू क्रिकेट और अन्य मौकों में लगातार प्रदर्शन जारी रखा। अब इंडिया ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ उनकी पारियां उनकी वापसी की दावेदारी को मजबूत कर सकती हैं।
लगातार दो अर्धशतक
सीरीज के पहले मैच में रजत पाटीदार ने 51 गेंदों पर 53 रन बनाए। उनकी इस पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल था।
दूसरे मैच में उन्होंने 81 गेंदों का सामना करते हुए 67 रन बनाए। इस पारी में उनके बल्ले से तीन चौके और एक छक्का निकला। हालांकि दोनों पारियां टीम की जीत में नहीं बदल सकीं, लेकिन रजत के फॉर्म और तकनीक ने उनकी क्षमता साबित कर दी है।
टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद
रजत पाटीदार ने अब तक भारत के लिए तीन टेस्ट मैच खेले हैं और उनमें 63 रन बनाए हैं। हालांकि, उन्हें अब तक टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है।
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ उनकी लगातार दो अर्धशतकीय पारियां उनके लिए एक अच्छा संकेत हैं। अब देखना होगा कि उनका यह प्रदर्शन उन्हें टीम इंडिया में वापसी के लिए चयनकर्ताओं के सामने एक बार फिर उभारेगा या नहीं।