अयोध्या और जनकपुर की साझा विरासत का प्रतीक
रामायण की यह पेंटिंग भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक संबंधों की भी याद दिलाती है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर दोनों देशों की साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे में नेपाल के प्रधानमंत्री को संपूर्ण रामायण की पेंटिंग भेंट करना दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक माना जा रहा है।
बनारसी ब्रोकेड और सादेली बॉक्स की खास कारीगरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को गुजरात के सादेली बॉक्स में रखकर बनारसी ब्रोकेड सिल्क स्टॉल भी भेंट किया। वाराणसी के कारीगरों ने इस स्टॉल पर बारीक डिजाइन और खूबसूरत जरी का काम किया है। वहीं, गुजरात के सादेली बॉक्स पर लकड़ी की नक्काशी और ज्यामितीय आकृतियां बनाई गई हैं।
इस उपहार के जरिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी और गुजरात की पारंपरिक हस्तशिल्प कला को भी प्रदर्शित किया गया है। दोनों राज्यों की कारीगरी का यह संगम भारतीय शिल्प और सांस्कृतिक विविधता की खास पहचान है।