दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़, 22 गिरफ्तार; 20 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

देशभर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पश्चिमी जिला साइबर थाना पुलिस ने पांच दिनों तक चले विशेष अभियान के बाद 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी देशभर में 22 हजार से अधिक लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुके हैं।

 

चार राज्यों में फैला था ठगों का नेटवर्क

 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में सक्रिय 11 अलग-अलग साइबर ठगी गिरोहों से जुड़े थे। यह नेटवर्क कई राज्यों में मिलकर काम कर रहा था। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इस पूरे नेटवर्क से संबंधित 2,080 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी से जुड़े खातों की जानकारी जुटा रही है।

 

APK फाइल के जरिए चुराते थे बैंकिंग जानकारी

 

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य लोगों को बैंक अधिकारी बनकर फोन करते थे। वे केवाईसी (KYC) अपडेट कराने या बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी समस्या दूर करने का झांसा देते थे। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल पर एक APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड और इंस्टॉल करवाते थे।

 

फोन में संदिग्ध फाइल इंस्टॉल होते ही ठगों को मोबाइल के एसएमएस और ओटीपी जैसी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच मिल जाती थी। इसके जरिए वे पीड़ितों की बैंकिंग जानकारी हासिल कर खातों से रकम निकाल लेते थे। इस तरीके से लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ किया जाता था।

 

पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

 

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद डिजिटल सबूतों की जांच तेज कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए किन-किन लोगों को निशाना बनाया गया और ठगी की रकम कहां भेजी गई।

 

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले अनजान लोगों पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें और न ही संदिग्ध APK फाइल या अन्य ऐप डाउनलोड करें। बैंक से जुड़ी किसी भी जानकारी या केवाईसी अपडेट के लिए हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट, ऐप या शाखा से ही संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *