पटना/लखनऊ: पटना से लखनऊ आ रही IndiGo की फ्लाइट उस समय आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जब विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। हालांकि, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
घटना के बाद पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा। फ्लाइट में 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह रही कि लैंडिंग के दौरान किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई। बताया गया कि विमान निर्धारित समय से करीब 8 मिनट पहले लखनऊ पहुंच गया।
DGCA ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारत के विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विमान को फिलहाल जांच के लिए रोका गया है। नियामकीय जांच और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
गुवाहाटी-बेंगलुरु फ्लाइट का टेल रनवे से टकराया था
इससे पहले गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही IndiGo की एक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया था। तेज हवाओं के बीच दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान यह घटना हुई। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
IndiGo ने बताया था कि घटना के बाद विमान की मेंटेनेंस जांच की जा रही है। आवश्यक जांच और नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा।
गोवा में भी IndiGo विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके बाद पायलटों ने मानक प्रक्रिया के तहत विमान को वापस गोवा मोड़ दिया और मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
इस फ्लाइट में 229 यात्री सवार थे। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद विमानों की सुरक्षा जांच और नियामकीय निगरानी पर भी ध्यान बढ़ गया है।