JEE Main 2027 की तारीखें जारी, 6 दिन होगी परीक्षा

एजुकेशन

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2027 सेशन-1 की परीक्षा तारीखों का ऐलान कर दिया है। NTA के शेड्यूल के मुताबिक, जनवरी सत्र की परीक्षा 22, 23, 24, 28, 29 और 30 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। यानी इस सत्र में परीक्षा कुल 6 दिनों में होगी।

हालांकि, NTA ने अभी JEE Main 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन की तारीखों की घोषणा नहीं की है। परीक्षा की तारीखें जारी होने के बाद अब आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है। संभावना है कि NTA जल्द ही रजिस्ट्रेशन से जुड़ा नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।

कैसे कर सकेंगे JEE Main 2027 के लिए आवेदन?

रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद इच्छुक छात्र JEE Main की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए छात्रों को सबसे पहले वेबसाइट पर जाकर JEE Main एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। छात्रों को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी PDF कॉपी डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा।

अक्टूबर में शुरू हो सकता है रजिस्ट्रेशन

NTA ने अभी JEE Main 2027 सेशन-1 के रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है। हालांकि, पिछले साल JEE Main 2026 सेशन-1 के लिए आवेदन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई थी और परीक्षा 21 से 28 जनवरी के बीच आयोजित की गई थी।

ऐसे में माना जा रहा है कि JEE Main 2027 के लिए भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अक्टूबर 2026 के आसपास शुरू हो सकती है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन और परीक्षा से जुड़े अपडेट के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।

NTA ने पहले जारी की थी प्रस्तावित तारीख

NTA ने इससे पहले JEE Main, UGC NET और CUET PG समेत कई परीक्षाओं की प्रस्तावित तारीखों की जानकारी जारी की थी। प्रस्तावित शेड्यूल में JEE Main 2027 जनवरी सत्र की परीक्षा 22 से 24 जनवरी और 28 से 30 जनवरी 2027 के बीच कराने की बात कही गई थी। अब NTA ने इन तारीखों को अपने शेड्यूल में शामिल करते हुए परीक्षा की तिथियां जारी कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *