स्कूल टूर की खुशी मातम में बदली

न्यूज़ प्रदेश

चरखी दादरी में रविवार सुबह हुआ एक सड़क हादसा कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। स्कूल टूर के लिए निकले छात्रों की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई, जब गांव कालियावास के पास घने कोहरे के कारण हरियाणा रोडवेज और निजी स्कूल बस की भीषण टक्कर हो गई।

यह हादसा उस समय हुआ जब आर्यन स्कूल, दादरी की चार बसें झज्जर के प्रतापगढ़ फार्म के लिए रवाना हुई थीं। बिरोहड़ रोड पर अचानक सामने से आ रही रोडवेज बस से एक स्कूल बस की सीधी भिड़ंत हो गई। कोहरे की वजह से ड्राइवरों को सड़क पर आगे का दृश्य साफ नजर नहीं आया, जिससे हादसा टल नहीं सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार छात्राएं और शिक्षक सीटों से उछलकर इधर-उधर गिर पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

दादरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 11वीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा इंशिका की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। हादसे में घायल अध्यापिका सुदेश शर्मा ने बताया कि बस में कुल 51 छात्राएं और चार महिला शिक्षक सवार थे। सभी बच्चे बेहद उत्साहित थे, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सबकुछ बदल दिया।

मृत छात्रा के पिता विजय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी सुबह खुशी-खुशी टूर पर गई थी। कुछ ही घंटों बाद उन्हें हादसे की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद सांसद धर्मबीर सिंह, रोडवेज जीएम नवीन शर्मा, डीएसपी धीरज कुमार और झज्जर एसीपी अनिल कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। अधिकारियों ने कहा कि हादसे की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *