Lucknow News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का उद्घाटन, ब्रजेश पाठक भी रहे मौजूद

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती लखनऊ न्यूज़

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के प्रसिद्ध राजयोग प्रशिक्षण केंद्र ‘गुलजार उपवन’ में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी विशेष रूप से मौजूद रहे। नए भवन के निर्माण का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें राजयोग ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ स्वागत

 

शुक्रवार को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन पहुंचे। यहां आयोजित समारोह की शुरुआत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई।

 

ब्रह्माकुमारीज की लखनऊ सब-जोन प्रभारी बीके राधा दीदी ने रक्षा मंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह के सम्मान में विशेष स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं, कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के जरिए कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद अतिथियों और लोगों का मन मोह लिया।

 

राजनाथ सिंह को बताया परिवार का बड़ा भाई

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज के जनरल सेक्रेटरी धर्म योगी जी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति विशेष स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह इस कार्यक्रम में केवल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नहीं हुए हैं, बल्कि उन्हें इस आयोजन का मुख्य मेजबान मानते हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री को परिवार का बड़ा भाई बताते हुए कहा कि सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं।

 

अपने संबोधन में धर्म योगी जी ने राजनाथ सिंह की राजनीतिक यात्रा और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल से जुड़े कई संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

 

दिव्य संस्कृति भवन में मिलेगा निशुल्क राजयोग प्रशिक्षण

 

समारोह के दौरान बीके राधा दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज अपनी स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘नवदशकोत्सव’ मना रहा है। इसी विशेष अवसर पर ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का निर्माण कराया गया है।

 

उन्होंने बताया कि इस नए परिसर में आम नागरिकों को निशुल्क राजयोग ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही नियमित रूप से सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। संस्थान की भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आने वाले समय में लगभग दो हजार दर्शकों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने की भी योजना है।

 

दिव्य संस्कृति भवन के उद्घाटन को लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज की आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *