ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर रविवार का दिन यहूदी समुदाय के लिए आस्था और उत्सव का था, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह खुशी चीख-पुकार और मातम में बदल गई। हनुक्का त्योहार के दौरान दो हथियारबंद हमलावरों ने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक हमलावर भी शामिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर कैंपबेल परेड कार पार्क के पास घास वाले इलाके से फायरिंग कर रहे थे। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच एक आम नागरिक ने असाधारण साहस दिखाते हुए हथियारबंद हमलावर को काबू में कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह व्यक्ति कारों की आड़ लेते हुए धीरे-धीरे हमलावर के करीब पहुंचता है और अचानक झपट्टा मारकर उसकी राइफल छीन लेता है। उसकी इस बहादुरी से कई निर्दोष लोगों की जान बच गई।
पुलिस ने हालात बिगड़ते देख दोनों हमलावरों पर गोली चलाई। एक हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। मृत हमलावर की पहचान 24 वर्षीय नवीद अकरम के रूप में हुई है। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस ने बताया कि 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक बच्चा, एक बुजुर्ग महिला और कई अन्य नागरिक शामिल हैं। कई लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के बाद पूरे सिडनी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बॉन्डी बीच के आसपास एक्सक्लूजन जोन बनाया गया है और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। गोलीबारी के बाद यहूदी समुदाय में डर का माहौल है। यहूदी बोर्ड ऑफ डेप्युटीज ने लोगों से घरों में रहने और सभी धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों को स्थगित करने की अपील की है। मेलबर्न में प्रस्तावित हनुक्का फेस्टिवल को भी रद्द कर दिया गया है।