गाज़ियाबाद में कार-बस टक्कर: चितौली अंडरपास पर बड़ा हादसा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

गाज़ियाबाद के चितौली अंडरपास के पास गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक कार रोडवेज बस से टकरा गई। तेज टक्कर के कारण कार डिवाइडर में फंस गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार के ड्राइवर अजीमुर रहमान घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक, अमरोहा जिले के मोहल्ला मजापोता निवासी अजीमुर रहमान अपने पांच साथियों के साथ दिल्ली से अमरोहा लौट रहे थे। शाम के लगभग पांच बजे जब उनकी कार चितौली अंडरपास के निकट पहुंची, तभी एक रोडवेज बस ने अचानक उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर पर चढ़ गई और उसमें फंस गई। हालांकि, कार के एयरबैग खुल जाने से अंदर बैठे पांच अन्य लोग सुरक्षित बच गए और उन्हें किसी गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की सहायता से कार को डिवाइडर से हटाकर हाईवे के किनारे खड़ा कराया गया।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि रोडवेज बस चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *