रायबरेली में राणा बेनी माधव बक्श सिंह स्मारक का पहला चरण इसी माह होगा पूरा, 95% काम पूरा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

लखनऊ/रायबरेली। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और ‘अवध केसरी’ राणा बेनी माधव बक्श सिंह की वीरता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए रायबरेली के सलोन में विकसित किया जा रहा भव्य स्मारक परिसर अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्मारक परिसर में सभागार, पुस्तकालय, गेस्ट हाउस, एम्फीथिएटर और आधुनिक लाइट एंड साउंड व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण का निर्माण करीब 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है और शेष फिनिशिंग का काम इसी माह पूरा होने की उम्मीद है।

20.09 करोड़ रुपये से बन रहा पहला चरण

परियोजना के पहले चरण के लिए सरकार की ओर से 20.09 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इसके तहत राणा बेनी माधव बक्श सिंह की स्मृति में सभागार और पुस्तकालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।

भवन का मुख्य ढांचा तैयार है। फिलहाल पुट्टी, पेंट, फॉल्स सीलिंग, वॉल पैनलिंग और पोर्च समेत अन्य फिनिशिंग कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि इन कार्यों को इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा।

दूसरे चरण में गेस्ट हाउस और एम्फीथिएटर

स्मारक परिसर के द्वितीय चरण के लिए 12 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस चरण में अब तक करीब 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रिटेनिंग वॉल और बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा हो गया है।

गेस्ट हाउस के भूतल की स्लैब और प्रथम तल की शटरिंग का काम भी पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा फाउंडेशन, ईएसएस और फायर रूम का निर्माण पूरा हो गया है। एम्फीथिएटर समेत अन्य संरचनाओं का निर्माण और फिनिशिंग का काम जारी है।

लाइट एंड साउंड से जीवंत होगी वीरगाथा

स्मारक को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लाइट एंड साउंड आधारित आंतरिक विकास भी किया जा रहा है। इसके लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है और करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

आधुनिक प्रकाश और ध्वनि तकनीक के जरिए राणा बेनी माधव बक्श सिंह के शौर्य, बलिदान और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को इतिहास से जुड़ा एक जीवंत अनुभव मिल सकेगा।

अंग्रेजों के खिलाफ छेड़ा था सशक्त संघर्ष

राणा बेनी माधव बक्श सिंह रायबरेली के जगतपुर स्थित शंकरपुर रियासत के शासक थे और 1857 के विद्रोह के प्रमुख क्रांतिकारी नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने अवध के तालुकेदारों और जमींदारों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया।

28 जून 1857 को बाराबंकी के नवाबगंज में उन्होंने अंग्रेजी सेना को चुनौती दी। इसके अलावा चिनहट की ऐतिहासिक लड़ाई में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। नवंबर 1858 में गोविंदपुर भीरा में करीब 10 हजार सैनिकों के साथ अंग्रेजों के खिलाफ उनका संघर्ष उनकी वीरता का उदाहरण माना जाता है।

राणा बेनी माधव बक्श सिंह की वीरता आज भी अवध की लोक परंपराओं में जीवित है। उनके सम्मान में गाए जाने वाले लोकगीत “अवध मां राना भयो मर्दाना” उनकी गौरवगाथा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *