धर्मेंद्र नहीं रहे: राष्ट्रपति और PM मोदी ने श्रद्धांजलि दी

न्यूज़ मनोरंजन राष्ट्रीय

भारतीय सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ही-मैन कहलाने वाले धर्मेंद्र का निधन हो गया है। 89 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली, जिससे हिंदी सिनेमा के एक सुनहरे युग का भी अंत हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र को बीती रात अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन सोमवार सुबह उनकी सेहत बिगड़ गई और उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

उनके निधन की खबर से पूरा देश शोक में डूब गया है। फिल्म उद्योग से लेकर राजनीति जगत तक, हर तरफ दुख की लहर है। लाखों प्रशंसकों के प्रिय धर्मेंद्र ने अपने करियर में करीब 300 से अधिक फिल्मों में काम किया और हर पीढ़ी के दर्शकों के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शोक संदेश

राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा,
“वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे और अपने लंबे शानदार करियर में कई यादगार प्रस्तुतियां दीं। भारतीय सिनेमा की एक प्रतिष्ठित हस्ती के रूप में वे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्त किया दुःख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी धर्मेंद्र के निधन को भावनात्मक रूप से याद करते हुए लिखा कि धर्मेंद्र जी का जाना सिर्फ फिल्म जगत की क्षति नहीं है, बल्कि देश ने एक संवेदनशील, अनुशासित और समर्पित कलाकार खो दिया है।

अन्य नेताओं और हस्तियों की प्रतिक्रियाएँ

कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी धर्मेंद्र के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
फिल्म जगत की बड़ी हस्तियाँ—अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान, हेमा मालिनी और सनी देओल—भी इस दुखद खबर से गहरा सदमे में हैं।

धर्मेंद्र का जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐसे अध्याय का समापन है, जिसकी जगह शायद ही कोई ले सके। उनकी फिल्मों, संवादों और व्यक्तित्व को आने वाली पीढ़ियाँ सदियों तक याद रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *