सर्दियों का मौसम आते ही शरीर को गर्म रखने और इम्यूनिटी मजबूत बनाने के लिए ड्राई फ्रूट्स का सेवन बेहद ज़रूरी हो जाता है। डॉक्टर और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट भी सलाह देते हैं कि ठंड के दिनों में रोजाना 1 मुट्ठी ड्राई फ्रूट्स खाने की आदत बना लेनी चाहिए। इसमें बादाम, काजू और सबसे महत्वपूर्ण अखरोट (Walnut) को जरूर शामिल करना चाहिए। अखरोट ऐसा सुपरफूड है जो दिल, दिमाग और सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए दवा की तरह काम करता है। इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन E, फोलेट, मैग्नीशियम और कई जरूरी मिनरल पाए जाते हैं, जो शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करते हैं।
अखरोट को खास तौर से दिमाग के लिए सुपरफूड कहा जाता है। इसे खाने से मेमोरी शार्प होती है और भूलने की समस्या का खतरा कम होता है। इसके अलावा ये शरीर को ताकतवर बनाता है और सर्दियों में शरीर की गर्मी बनाए रखने में मदद करता है।
सर्दियों में अखरोट कैसे खाएं?
1. भिगोकर खाएं
सर्दी हो या गर्मी, अखरोट को हमेशा भिगोकर खाना चाहिए। 2–3 अखरोट रातभर पानी में भिगो दें। भीगे हुए अखरोट पचाने में आसान होते हैं और शरीर उन्हें जल्दी अवशोषित करता है। इससे एंटीऑक्सीडेंट स्तर भी बढ़ जाते हैं।
2. दूध में मिलाकर पिएं
सर्दियों में अखरोट वाला दूध शरीर को तुरंत गर्मी और ऊर्जा देता है। 5–6 भीगे हुए अखरोट को पानी के साथ ब्लेंड करें, उसमें इलायची और थोड़ा शहद मिलाकर उबलते दूध में डालें। यह बेस्ट वॉर्म ड्रिंक है।
3. पाउडर बनाकर खाएं
अगर आपको ड्राई फ्रूट चबाकर खाना पसंद नहीं तो अखरोट का पाउडर बनाकर ओट्स, दलिया, स्मूदी या दही में मिला सकते हैं। बच्चों को खिलाने का भी यह बढ़िया तरीका है।
अखरोट खाने के प्रमुख फायदे
-
इम्युनिटी बढ़ाता है: ठंड में बीमारी से बचने के लिए रोज अखरोट बहुत फायदेमंद है।
-
ब्रेन हेल्थ: मेमोरी तेज करता है, स्ट्रेस कम करता है और दिमाग की कोशिकाओं की रक्षा करता है।
-
दिल के लिए अच्छा: ओमेगा-3 और एंटीऑक्सीडेंट दिल को मजबूत बनाते हैं, खराब कोलेस्ट्रॉल कम करते हैं।
-
पाचन सुधारता है: भीगे अखरोट कब्ज दूर करते हैं और पेट को हेल्दी रखते हैं।
-
सुंदर त्वचा और बाल: एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन्स त्वचा को ग्लो देते हैं और एजिंग को धीमा करते हैं।
सर्दियों में अखरोट को रोजाना डाइट में जरूर शामिल करें, यह आपकी सेहत को अंदर और बाहर दोनों तरह से मजबूत बनाता है।