नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए तैयार है। सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। तीनों मुकाबले इसी मैदान पर आयोजित किए जाएंगे। इस सीरीज के लिए बीसीसीआई पहले ही टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर चुका है। श्रेयस अय्यर को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पूरी तरह फिट होने के बाद जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है।
सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें खिलाड़ियों का मजेदार रिएक्शन देखने को मिला। वायरल हो रहे 80s लुक ट्रेंड के तहत खिलाड़ियों की तस्वीरें तैयार की गई थीं। इन्हीं तस्वीरों को देखकर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का रिएक्शन सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया।
अपनी 80s वाली तस्वीर देखकर चौंक गए वैभव
अफगानिस्तान सीरीज से पहले भारतीय खिलाड़ियों ने फोटो सेशन में हिस्सा लिया। इसी दौरान एक टेबल पर खिलाड़ियों की 80s लुक वाली तस्वीरें रखी गई थीं। जब 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तस्वीर देखी तो वह कुछ पल के लिए हैरान रह गए।
अपनी तस्वीर को देखकर वैभव ने मजाकिया अंदाज में कहा, “ज्यादा स्मार्ट बना दिया मुझे।” उनके इस रिएक्शन ने टीम के माहौल को और मजेदार बना दिया।
वहीं अक्षर पटेल ने भी वैभव की तस्वीर देखकर मजेदार टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि असल में वैभव अभी बच्चे जैसे लगते हैं, जबकि तस्वीर में वह काफी बड़े नजर आ रहे हैं। इसके अलावा टीम में शामिल यश ठाकुर ने भी तस्वीरों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाकी सभी खिलाड़ी पहचान में आ रहे हैं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी को तस्वीर में पहचानना मुश्किल है।
घरेलू मैदान पर पहली बार खेलेंगे वैभव
वैभव सूर्यवंशी के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ यह टी20 सीरीज काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। महज 15 साल की उम्र में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव अब तक दो सीरीज खेल चुके हैं और दोनों ही सीरीज विदेशी जमीन पर हुई थीं।
अब पहली बार वह घरेलू दर्शकों के सामने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते दिखाई दे सकते हैं। माना जा रहा है कि वह अभिषेक शर्मा के साथ भारतीय पारी की शुरुआत कर सकते हैं। ऐसे में सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर होंगी।
एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया की तैयारी
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की यह सीरीज भारतीय टीम के लिए आगामी एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों के लिहाज से भी अहम है। टीम मैनेजमेंट इस दौरान खिलाड़ियों की फॉर्म, फिटनेस और संयोजन को परखना चाहेगा। खास तौर पर जसप्रीत बुमराह की वापसी और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी।