मध्य प्रदेश में मेट्रो नेटवर्क अब सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं रहने वाला है। उज्जैन के महाकाल मंदिर से लेकर देवास, पीथमपुर और महू तक मेट्रो कनेक्टिविटी देने की तैयारी की जा रही है।
इंदौर मेट्रो विस्तार के तहत चार नए रूट विकसित करने का प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार और मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के साथ DPR और सर्वे का काम तेज कर दिया है।
प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 84 से 95 किलोमीटर बताई जा रही है। योजना का उद्देश्य इंदौर को मालवा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक, औद्योगिक और शहरी केंद्रों से बेहतर रैपिड-मेट्रो कनेक्टिविटी देना है।
सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन तक मेट्रो
सबसे ज्यादा प्राथमिकता इंदौर-उज्जैन रीजनल रैपिड मेट्रो कॉरिडोर को दी जा रही है। करीब 48 किलोमीटर लंबे इस रूट पर लगभग 10 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और लक्ष्य सिंहस्थ 2028 से पहले इसका संचालन शुरू करना है।
यह कॉरिडोर इंदौर के लवकुश चौराहा और एयरपोर्ट क्षेत्र से शुरू होकर इंदौर-उज्जैन फोरलेन के समानांतर उज्जैन तक पहुंचेगा। प्रस्तावित स्टेशनों में भंवरसला, बारोली, धरमपुरी, निनौरा, त्रिवेणी घाट, नानाखेड़ा ISBT, उज्जैन रेलवे स्टेशन और श्री महाकालेश्वर मंदिर स्टेशन शामिल हैं।
पीथमपुर को औद्योगिक कनेक्टिविटी
दूसरा बड़ा रूट इंदौर-पीथमपुर मेट्रो होगा। करीब 30 से 35 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के जरिए इंदौर को प्रदेश के प्रमुख ऑटोमोबाइल, फार्मा और औद्योगिक हब पीथमपुर से जोड़ा जाएगा।
प्लानिंग के तहत राऊ होते हुए पीथमपुर SEZ और स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क तक मेट्रो पहुंचाने की तैयारी है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट और सर्वे के बाद इसके 2029-30 तक पूरा होने की संभावना बताई गई है।