ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने किया था रिजेक्ट, अब बॉक्स ऑफिस पर मचा रही धमाल; सीएम पुष्कर सिंह धामी ने परिवार और मंत्रियों के साथ फिल्म देखने के बाद किया ऐलान
छोटे बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई को लेकर सुर्खियों में है। महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने रिलीज के 30 दिनों में 85 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की इस चौंकाने वाली सफलता ने दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है। खास बात यह है कि जिस फिल्म को कभी ओटीटी प्लेटफॉर्म खरीदने के लिए तैयार नहीं थे, वही अब बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है।
उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई फिल्म
फिल्म की सफलता के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। सीएम धामी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट सहयोगियों और कई विधायकों के साथ देहरादून के एक सिनेमाघर में ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी जमकर तारीफ की और इसे उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली फिल्म बताया।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ के जरिए दर्शकों को नीम करौली बाबा की तपस्या, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट आस्था को समझने का अवसर मिलता है।
‘भक्ति सेवा और मानव कल्याण का मार्ग’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज का पूरा जीवन मानवता की सेवा, समाज कल्याण और आध्यात्मिक सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि भक्ति केवल साधना का रास्ता नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का मार्ग भी है।
सीएम धामी ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कैंची धाम अब दुनिया भर में आस्था और श्रद्धा का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड की इस आध्यात्मिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
ओटीटी ने किया था रिजेक्ट, अब रिकॉर्ड कमाई
फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में बताया था कि ‘हनुमान अंश’ को रिलीज से पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की ओर से स्वीकार नहीं किया जा रहा था। निर्देशक ने इस अनुभव को बेहद दर्दनाक और अपमानजनक बताया था। हालांकि, फिल्म की रिलीज के बाद कहानी पूरी तरह बदल गई और दर्शकों ने इसे शानदार प्रतिक्रिया दी।
फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां की मौत के बाद गहरे सदमे में चला जाता है। इसके बाद वह जीवन, मृत्यु और दुख के सवालों के जवाब तलाशने के लिए आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसका जीवन पूरी तरह बदल जाता है और वह संत नीम करौली बाबा के रूप में आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ता है।
फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ पूर्णिमा तिवारी, विहान शेडगे, चंदन के आनंद और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।