IPL Auction 2026: अमेठी के प्रशांत वीर बने सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ स्पोर्ट्स

IPL 2026 से पहले अबू धाबी में आयोजित मिनी ऑक्शन अमेठी जिले के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गूजीपुर गांव से ताल्लुक रखने वाले युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदकर सभी को चौंका दिया। इसके साथ ही प्रशांत वीर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं।

इस ऑक्शन में प्रशांत वीर का बेस प्राइस केवल 30 लाख रुपये था, लेकिन जब उनका नाम बोली के लिए आया तो कई फ्रेंचाइजी के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। आखिरकार CSK ने आक्रामक बोली लगाते हुए उन्हें अपने खेमे में शामिल किया। यह रकम उनके बेस प्राइस से करीब 47 गुना अधिक रही, जिसने ऑक्शन हॉल में मौजूद सभी लोगों का ध्यान खींचा। प्रशांत वीर की इस बड़ी कामयाबी की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव गूजीपुर पहुंची, वहां जश्न का माहौल बन गया। गांव के लोग ढोल-नगाड़ों के साथ खुशियां मनाते नजर आए। प्रशांत के घर पर बधाई देने वालों की भीड़ जुट गई। मिठाइयां बांटी गईं और हर कोई इस पल को ऐतिहासिक बता रहा था।

प्रशांत की मां अंजना त्रिपाठी ने इस मौके पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटे की मेहनत आज रंग लाई है। वहीं उनके पिता रामेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने हमेशा बेटे को क्रिकेट के लिए प्रोत्साहित किया और कभी भी उसके सपनों के आड़े नहीं आए। परिवार का मानना है कि प्रशांत की सफलता पूरे गांव के बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। गांव के प्रधान प्रतिनिधि अरविंद पाण्डेय ने बताया कि प्रशांत बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गंभीर था। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने लगातार मेहनत की और आज उसी का नतीजा है कि वह IPL जैसी बड़ी लीग में CSK जैसी टीम का हिस्सा बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *