मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में अधिकारियों के कामकाज को लेकर कड़े तेवर दिखाए। केंद्र प्रायोजित योजनाओं और सांसद निधि के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। सांसद ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जनता के पैसे के उचित इस्तेमाल पर भी जोर दिया।
सांसद निधि खर्च को लेकर अधिकारियों से मांगा जवाब
बैठक के दौरान कंगना रनौत ने सांसद निधि के तहत उपलब्ध राशि और उसके खर्च का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनके सांसद फंड के तहत करीब 11 करोड़ रुपये उपलब्ध थे, लेकिन अधिकारियों की ओर से केवल लगभग 50 लाख रुपये ही खर्च किए गए।
कंगना ने अधिकारियों से देरी का कारण पूछा और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर्स (BDO) से सांसद निधि के खर्च की परफॉर्मेंस रिपोर्ट मांगी। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हर दिशा कमिटी की बैठक में उन्हें आश्वासन दिया जाता है कि फंड के इस्तेमाल में कोई समस्या नहीं है और करीब 90 प्रतिशत राशि खर्च होने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग नजर आ रही है।
‘मेरे ऑफिस की बात नहीं सुनी जाती’
कंगना रनौत ने अधिकारियों के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि काम कराने के लिए केंद्र से पत्र भेजवाने तक की जरूरत पड़ती है, इसके बावजूद अधिकारी काम नहीं करते।
सांसद ने कहा कि उनके कार्यालय की बात नहीं सुनी जाती और इसकी वजह से उनके खिलाफ नकारात्मक प्रचार हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बनाई जा रही रील्स का जिक्र करते हुए कहा कि इससे उनकी जग हंसाई होती है। कंगना ने अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर उन्हें काम करने में शर्म क्यों नहीं आती। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उन्हें अधिकारियों का कार्यालय मिल जाए तो वह एक दिन में काम करके दिखा सकती हैं।
जनता के पैसे में पारदर्शिता पर जोर
बैठक में कंगना ने कहा कि सरकारी योजनाओं का मकसद पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाना है। जनता के पैसे का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने योजनाओं की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई और सरकारी धन के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और जरूरतमंद लोगों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने की बात भी कही।
पहले भी अधिकारियों पर नाराजगी जता चुकी हैं कंगना
कंगना रनौत इससे पहले भी दिशा बैठकों में अधिकारियों के कामकाज को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। अक्टूबर 2025 में हुई दिशा बैठक के दौरान भी उन्होंने अधिकारियों को बैठक को गंभीरता से लेने और विकास कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी थी। ताजा बैठक में उनके सख्त तेवरों के बाद एक बार फिर अधिकारियों की जवाबदेही और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता का मुद्दा चर्चा में है।