गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बीजेपी विधायक की कार; तीन घायल

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। डिबाई से बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर कार पोटा कबूलपुर गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विधायक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में विधायक के गनर और कार चालक भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी लखनऊ से लौटकर गाजियाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक उनकी कार का टायर फट गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर पानी और जलभराव के कारण भी फिसलन की स्थिति थी। टायर फटने के बाद चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और कार डिवाइडर से टकराते हुए सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। इसके बाद वाहन पलट गया।

हादसे में फॉर्च्यूनर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे विधायक, गनर और ड्राइवर को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि उनकी एक पसली टूटकर फेफड़े में धंस गई, जिसके कारण उनकी स्थिति गंभीर बताई गई। हापुड़ के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना स्थल हापुड़-बुलंदशहर सीमा के पास बीबी नगर थाना क्षेत्र में बताया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को हटवाने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *