उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने महिला मतदाताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है।
मायावती ने महिलाओं से अपील की कि वे निजी लाभ से जुड़े लुभावने वादों और घोषणाओं के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ऐसे वादों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है।
मायावती ने महिलाओं को किया सावधान
मायावती ने कहा कि चुनावों में किए जाने वाले वादों और बाद में उनके अमल के बीच काफी अंतर देखने को मिलता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी कहा कि वे जनता को ऐसे वादों की हकीकत के बारे में जानकारी दें।
उनका यह बयान समाजवादी पार्टी की हालिया घोषणा के बीच आया है। सपा ने गरीब और वंचित महिलाओं के खातों में हर साल 40 हजार रुपये देने के साथ मुफ्त लैपटॉप, साइकिल और मोबाइल फोन देने का वादा किया है।
उम्मीदवारों के चयन पर भी चर्चा
बसपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश की मंडल इकाइयों और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान पार्टी उम्मीदवारों के चयन की प्रगति और आगामी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई।
BSP ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया। मायावती ने कार्यकर्ताओं से विरोधी दलों के वादों को लेकर लोगों को जागरूक करने की बात कही, ताकि मतदाता सोच-समझकर फैसला ले सकें।
Gen-Z और Gen-Alpha को लेकर मायावती की बात
मायावती ने अपने बयान में Gen-Z और Gen-Alpha पीढ़ी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में सरकार बनने के बाद वादाखिलाफी और जनहित के मुद्दों को लेकर युवाओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।
उनके मुताबिक, युवाओं को ऐसे रवैये के खिलाफ आवाज उठानी पड़ रही है और इसके कारण उन्हें पुलिस कार्रवाई तथा सरकारी दबाव का सामना भी करना पड़ रहा है।
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
मायावती बयान में बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं से जनता परेशान है।
मायावती ने सरकार की घोषणाओं को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
नेपाल बाढ़ पर जताई चिंता
मायावती ने पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश, खासकर पूर्वांचल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार से प्रभावित लोगों की मदद के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की।
इसके अलावा उन्होंने 9 अक्टूबर को लखनऊ में बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी पार्टी नेताओं को जरूरी निर्देश दिए।