लाल किला ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए भीषण कार बम धमाके मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों के खिलाफ 7500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। इस धमाके ने पूरे देश को हिला दिया था। 10 नवंबर 2025 को हुए इस विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और आसपास की कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा था।

NIA ने यह चार्जशीट नई दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष अदालत में पेश की है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस साजिश में शामिल सभी आरोपी आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से जुड़े हुए थे। यह संगठन अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) का सहयोगी माना जाता है। गृह मंत्रालय पहले ही AQIS और उससे जुड़े संगठनों को आतंकवादी संगठन घोषित कर चुका है।

चार्जशीट में पुलवामा निवासी डॉ. उमर उन नबी को मुख्य आरोपी बताया गया है। हालांकि उसकी मौत हो चुकी है, इसलिए NIA ने अदालत से उसके खिलाफ आरोप समाप्त करने का अनुरोध किया है। डॉ. उमर हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुका था। इसके अलावा अन्य आरोपियों में आमिर राशिद मीर, जासिर बिलाल वानी, डॉ. मुजामिल शकील, डॉ. आदिल अहमद राथर, डॉ. शाहीन सईद और अन्य नाम शामिल हैं

जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपियों ने देश में कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने और नए लोगों को संगठन से जोड़ने का काम किया। चार्जशीट में 588 गवाहों के बयान, 395 से अधिक दस्तावेज और 200 से ज्यादा जब्त सामग्री को सबूत के रूप में शामिल किया गया है। जांच के दौरान कई राज्यों में छापेमारी की गई, जिनमें जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली-NCR शामिल हैं। NIA के मुताबिक, आरोपियों का मकसद भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाना और देश में शरिया कानून लागू करना था। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने ‘ऑपरेशन हेवनली हिंद’ नाम से एक गुप्त साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने IED तैयार किए और कई जगहों पर उनका परीक्षण भी किया।

एजेंसी ने खुलासा किया कि धमाके में इस्तेमाल किया गया विस्फोटक TATP था, जिसे बाजार में आसानी से मिलने वाले रसायनों से तैयार किया गया था। आरोपियों ने AK-47, क्रिंकोव राइफल और अन्य हथियार भी जुटाए थे। इसके अलावा ड्रोन और रॉकेट के जरिए IED हमले की योजना पर भी काम चल रहा था।समय रहते सुरक्षा एजेंसियों ने इस मॉड्यूल का पर्दाफाश कर दिया। मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *