देवरिया। जनपद मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित खुखुन्दू सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि जैन धर्म और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। जैन परंपरा में खुखुन्दू की पहचान प्राचीन ‘काकन्दी’ नगरी के रूप में की जाती है। मान्यता है कि यहीं जैन धर्म के नवम तीर्थंकर भगवान पुष्पदन्त नाथ, जिन्हें सुविधिनाथ भी कहा जाता है, का जन्म हुआ था। इसी धार्मिक महत्व के चलते खुखुन्दू दिगम्बर जैन समाज के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है।
देश के अलग-अलग हिस्सों के अलावा विदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और भगवान पुष्पदन्त के दर्शन, पूजा एवं साधना करते हैं।
चार कल्याणकों से जुड़ी है पवित्र भूमि
मंदिर परिसर में मौजूद कीर्ति स्तंभ और शिलापट्टों पर दर्ज अभिलेखों के अनुसार भगवान पुष्पदन्त का जन्म इक्ष्वाकु वंश में राजा सुग्रीव और रानी जयरामा के यहां काकन्दी नगरी में हुआ था। जैन मान्यताओं के अनुसार उनका जन्म मार्गशीर्ष शुक्ल प्रतिपदा को हुआ था।
जैन परंपरा में भगवान पुष्पदन्त के गर्भ, जन्म, तप और केवलज्ञान से जुड़े चार कल्याणकों का संबंध इसी पवित्र भूमि से माना जाता है। मान्यता है कि उनके कल्याणक महोत्सव में देव-देवियों ने भी हिस्सा लिया था। भगवान पुष्पदन्त का शरीर चंद्रमा के समान श्वेत वर्ण का बताया गया है।
1874 में हुआ मंदिर का निर्माण
आज खुखुन्दू में दिखाई देने वाला भव्य जैन मंदिर लंबे ऐतिहासिक सफर का परिणाम है। उपलब्ध विवरणों के अनुसार करीब 1874 ई. में राय बहादुर मूलचंद ने यहां मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर में भगवान पुष्पदन्त के साथ अन्य तीर्थंकरों की प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं।
समय के साथ मंदिर की स्थिति में बदलाव आया। दिगम्बर जैन समाज और गणिनी आर्यिका ज्ञानमती माताजी की प्रेरणा से तीर्थ क्षेत्र के विकास और विस्तार का काम आगे बढ़ा। जीर्ण-शीर्ण हो चुके मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण के साथ यहां श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का भी विस्तार किया गया।
खास पत्थरों से तैयार हुई प्रतिमा
मंदिर में भगवान पुष्पदन्त की प्रतिमा को विशेष रूप से तैयार कराया गया। इसके लिए राजस्थान से कीमती पत्थर और कर्नाटक का विशेष ग्रेनाइट मंगाया गया। जयपुर के कुशल शिल्पकारों ने इस प्रतिमा को अंतिम रूप दिया।
आज खुखुन्दू का मंदिर परिसर धर्मशाला और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाओं से सुसज्जित प्रमुख तीर्थक्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है। वर्तमान में मंदिर का प्रबंधन बसंत जैन के निर्देशन में किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों, मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का संचालन भी इसी व्यवस्था के तहत होता है।