दिल्ली हाईकोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के इलाज से जुड़े मामले में अहम निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने फिलहाल उन्हें सफदरजंग अस्पताल से निजी अस्पताल मेदांता में स्थानांतरित करने की अनुमति नहीं दी है। कोर्ट ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनका इलाज सफदरजंग अस्पताल में ही जारी रहेगा। साथ ही, केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को तीन दिनों के भीतर मामले पर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन बहुमूल्य है और मरीज की सुरक्षा एवं उपचार सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कोर्ट ने यह भी सुनिश्चित किया कि सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एंग्मो और उनके भाई को अस्पताल में उनसे मिलने और उनके साथ रहने की पूरी सुविधा मिले। इसके लिए अस्पताल प्रशासन को अलग रेस्ट रूम उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।
गौरतलब है कि गीतांजलि एंग्मो ने अदालत में दायर याचिका में दावा किया था कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल की उपचार प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य संबंधी पूरी जानकारी साझा नहीं की और इसलिए वह अपने पति को अपनी पसंद के निजी अस्पताल में भर्ती कराना चाहती हैं। हालांकि अदालत ने इस मांग पर फिलहाल कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया।
सोनम वांगचुक 28 जून से जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। 21वें दिन दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। अब इस पूरे मामले पर अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी।