परभणी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के परभणी जिले से शनिवार को एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। जिले के मानवत तालुका स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी देवस्थान हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर में बन रहे एक निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। लोग पूजा-अर्चना और दर्शन में व्यस्त थे। इसी दौरान गर्भगृह के सामने बन रहे नए सभा मंडप की छत अचानक गिर गई। छत गिरते ही मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। मौके पर क्रेन, जेसीबी मशीनें और अन्य आवश्यक उपकरण लगाए गए हैं ताकि मलबे को जल्द से जल्द हटाया जा सके। कई एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया।
हादसे में घायल लोगों को तत्काल परभणी जिला सामान्य अस्पताल और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की विशेष टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस हादसे के बाद जिले के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। परभणी की गार्जियन मंत्री मेघना बोर्डिकर ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से लगातार संपर्क बनाए रखा है। वहीं, एनसीपी विधायक राजेश विटेकर सहित अन्य नेताओं ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर बचाव कार्य को तेज करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और श्रद्धालुओं में घटना को लेकर गहरा दुख देखा जा रहा है।