वाराणसी में गंगा का बढ़ा जलस्तर, पांचवीं बार बदली गई गंगा आरती की जगह; छत पर हुई पूजा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से घाटों पर होने वाले धार्मिक आयोजनों पर भी असर पड़ रहा है। दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियों तक पहुंच चुके गंगा के पानी के कारण विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का स्थान एक बार फिर बदलना पड़ा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार को मां गंगा की आरती घाट के बजाय गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत पर कराई गई। इस साल यह पांचवीं बार है जब बढ़ते जलस्तर के कारण आरती को घाट से हटाकर छत पर आयोजित करना पड़ा है।

दशाश्वमेध घाट पर हर शाम गंगा सेवा निधि की ओर से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भी शामिल होते हैं। सोमवार को भी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन लगातार बढ़ते पानी के कारण आरती के लिए उपलब्ध जगह काफी कम हो गई थी।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि गंगा का जलस्तर काफी ऊपर पहुंच चुका है। घाट पर जगह लगातार कम हो रही थी और श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण सुरक्षा चुनौती बन रही थी। इसी वजह से आरती को कार्यालय की छत पर कराने का फैसला लिया गया।

प्रशासन भी गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क है। दशाश्वमेध के एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी के मुताबिक, जल पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार 15 अगस्त की सुबह गंगा का जलस्तर 64 मीटर के पार पहुंच गया था। जलस्तर में तेजी से वृद्धि को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन ने गंगा में नावों के संचालन पर भी अगले आदेश तक रोक लगा दी है। घाटों पर निगरानी बढ़ाई गई है और नाविकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी गहरे पानी की ओर नहीं जाने की अपील की गई है।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। ऐसे में प्रशासन और धार्मिक आयोजन समितियां सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *