बिहार में प्रशासनिक सर्जरी: कई बड़े IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ बिहार

बिहार सरकार ने शुक्रवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के ट्रांसफर और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास है।

इस फेरबदल में के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सरकार ने कई विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति भी की है। ए.के. सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि धर्मेंद्र कुमार सिंह को गन्ना उद्योग विभाग की जिम्मेदारी मिली है। दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा एवं खेल विभाग का प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भू-तत्व विभाग का सचिव-सह-खान आयुक्त बनाया गया है। हिमांशु शर्मा को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का प्रधान सचिव बनाया गया है।

प्रशासनिक बदलाव के तहत कई प्रमंडलों और जिलों में भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को संयुक्त सचिव बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *