‘मेरे ऊपर 36 केस हैं, मैं प्रधानमंत्री मोदी से नहीं डरता’ — राहुल गांधी

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती राष्ट्रीय

 कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने पश्चिम बंगाल की तीन बड़ी रैलियों में प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Mamata Banerjee दोनों पर तीखा हमला बोला। शनिवार को श्रीरामपुर, कोलकाता और मेटियाब्रुज में आयोजित जनसभाओं में राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया।

मेटियाब्रुज की रैली में राहुल गांधी ने कहा, “मेरे ऊपर 36 केस हैं, लेकिन मैं प्रधानमंत्री मोदी से नहीं डरता हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में लोकतंत्र पर हमला कर रही है और वोट चोरी कर रही है। राहुल ने कहा कि जो भी भाजपा और RSS की विचारधारा के खिलाफ लड़ता है, उस पर दबाव बनाया जाता है। उन्होंने कहा, “मैं 24 घंटे हर प्रदेश में भाजपा और RSS की विचारधारा से लड़ता हूं। वे मुझ पर लगातार हमला करते हैं, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। भाजपा को सिर्फ कांग्रेस ही हरा सकती है, क्योंकि कांग्रेस विचारधारा की पार्टी है और हम भाजपा से कोई समझौता नहीं कर सकते।”

राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। राहुल ने दावा किया कि बंगाल में लाखों युवा बेरोजगार हैं और सरकार ने रोजगार के अपने वादे पूरे नहीं किए।

उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी ने पिछले चुनाव में रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। शारदा और चिटफंड घोटालों ने जनता का भरोसा तोड़ा है। पूरे प्रदेश में करप्शन और गुंडागर्दी का जाल पसरा है।” राहुल गांधी ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी की सरकार की नीतियां अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा पहुंचा रही हैं। उनके अनुसार, अगर राज्य में सुशासन और विकास होता, तो भाजपा को जगह नहीं मिलती। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के लालच में भाजपा और TMC दोनों ने पश्चिम बंगाल की जनता को नुकसान पहुंचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *