रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताई पूरी टाइमलाइन

न्यूज़ राष्ट्रीय

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताई पूरी टाइमलाइन

भारत के रेल इतिहास में एक ऐतिहासिक बदलाव जल्द देखने को मिलेगा। देश की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा ऐलान किया है। नए साल के मौके पर उन्होंने साफ कर दिया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 तक पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए केंद्र सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

रेल मंत्री ने जानकारी दी कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का पहला चरण गुजरात में शुरू होगा। शुरुआत में बुलेट ट्रेन सेवा सूरत से बिलिमोरा के बीच शुरू की जाएगी। इसके बाद इसे वापी तक विस्तारित किया जाएगा। अगले चरण में ट्रेन वापी से अहमदाबाद तक चलाई जाएगी। इसके बाद ठाणे से अहमदाबाद सेक्शन खुलेगा और अंत में मुंबई से अहमदाबाद के बीच पूरी बुलेट ट्रेन सेवा शुरू कर दी जाएगी।

गुजरात से होगी पहली रफ्तार की शुरुआत

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि गुजरात में बुलेट ट्रेन परियोजना का काम काफी आगे बढ़ चुका है। यही कारण है कि सबसे पहले यहीं ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग अभी से बुलेट ट्रेन की टिकट लेने की तैयारी कर सकते हैं, क्योंकि अब इंतजार ज्यादा लंबा नहीं है।

अब तक कितना काम हुआ पूरा?

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इसमें से अब तक

332 किमी वायाडक्ट

412 किमी पियर

का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

इसके अलावा 17 नदी पुल बनकर तैयार हो चुके हैं, जिनमें 5 प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट और 12 स्टील ब्रिज शामिल हैं।

करीब 242 किमी क्षेत्र में 4.8 लाख से अधिक नॉइज़ बैरियर लगाए जा चुके हैं। वहीं 280 ट्रैक किमी में आरसी ट्रैक बेड का निर्माण पूरा हो चुका है। मुख्य वायाडक्ट पर लगभग 100 रूट किमी में 4,300 ओएचई मस्त लगाए गए हैं।

सुरंग और स्टेशन निर्माण भी तेज

महाराष्ट्र के पालघर जिले में 7 पहाड़ी सुरंगों की खुदाई जारी है। बीकेसी से शिलफाटा के बीच बनने वाली 21 किमी लंबी अंडरग्राउंड सुरंग में से करीब 5 किमी खुदाई पूरी हो चुकी है। सूरत और अहमदाबाद में रोलिंग स्टॉक डिपो का निर्माण चल रहा है। गुजरात के सभी बुलेट ट्रेन स्टेशनों पर सुपर-स्ट्रक्चर का काम अंतिम चरण में है, जबकि महाराष्ट्र के तीनों एलिवेटेड स्टेशनों पर काम शुरू हो चुका है।

पीएम मोदी ने भी लिया था जायजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस परियोजना की प्रगति का जायजा ले चुके हैं। नवंबर में गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन पहुंचे थे, जहां उन्होंने इंजीनियरों और कर्मचारियों से बातचीत कर काम की बारीकियों को समझा था।

देश की पहली बुलेट ट्रेन न सिर्फ यात्रा के समय को कम करेगी, बल्कि भारत को आधुनिक रेल तकनीक के नए युग में भी प्रवेश दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *