मऊ में दर्दनाक सड़क हादसा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर एक स्कॉर्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह परिवार रांची से शादी समारोह संपन्न कर अपने घर गोरखपुर लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 2 बजे स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित हो गई और अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनके साथ मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि परिवार रांची में अपनी पुत्री की शादी संपन्न कराकर गोरखपुर के रानीडीहा गांव लौट रहा था। शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि रास्ते में यह हादसा हो गया और पूरा परिवार शोक में डूब गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए।

सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ भेज दिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53 वर्ष), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48 वर्ष), पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27 वर्ष), रविन्द्र यादव (20 वर्ष) और पुरुषोत्तम कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। रविन्द्र यादव और पुरुषोत्तम कुमार बिहार के गया जिले के मटीहानी गांव के निवासी बताए गए हैं।

एक ही परिवार के कई लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *