बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार है चुकंदर

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ हेल्थ

आजकल बदलती जीवनशैली, फास्ट फूड और कम शारीरिक गतिविधियों के कारण लोगों में हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या तेजी से बढ़ रही है। शरीर में जब बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है तो यह धीरे-धीरे नसों में जमा होकर दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। ऐसे में डॉक्टर संतुलित खान-पान और पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह देते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार डाइट में Beetroot यानी चुकंदर को शामिल करना कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने में मदद कर सकता है। चुकंदर में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो दिल की सेहत को बेहतर बनाए रखने में सहायक होते हैं।

चुकंदर में मौजूद नाइट्रेट शरीर में जाकर नाइट्रिक ऑक्साइड में बदल जाता है। यह तत्व ब्लड वेसल्स को आराम देता है और उन्हें चौड़ा करता है, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है। इससे ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी मदद मिलती है।

इसके अलावा चुकंदर में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो शरीर में जमा अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। एक कप चुकंदर में करीब 3 से 4 ग्राम फाइबर पाया जाता है। फाइबर शरीर में फैट के जमाव को कम करने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में सहायक होता है।

चुकंदर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व शरीर में सूजन को कम करने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसके साथ ही यह शरीर को ऊर्जा देने और सहनशक्ति बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक चुकंदर का सेवन सलाद, सब्ज़ी या जूस के रूप में किया जा सकता है। कई रिसर्च में यह भी पाया गया है कि रोजाना लगभग 70 मिलीलीटर चुकंदर का जूस पीने से ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने और शरीर की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

हालांकि चुकंदर का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। जिन लोगों को किडनी स्टोन की समस्या है, उन्हें इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए क्योंकि इसमें ऑक्सालेट की मात्रा अधिक होती है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। किसी भी प्रकार की बीमारी या डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *