2026 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अहमदाबाद पहुंचने की खबर सामने आई है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
धोनी के अहमदाबाद पहुंचने के बाद क्रिकेट फैंस यह कयास लगा रहे हैं कि वह फाइनल मैच देखने के लिए स्टेडियम जा सकते हैं। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले धोनी भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भी नजर आए थे। उस समय वह अपनी पत्नी साक्षी के साथ मैच का आनंद लेते दिखाई दिए थे।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में धोनी का नाम हमेशा याद किया जाता है। 2007 में हुए पहले टी20 वर्ल्ड कप में उनकी कप्तानी में भारत ने खिताब जीतकर दुनिया को चौंका दिया था। इसके बाद भारतीय टीम को दूसरा खिताब जीतने में कई साल लग गए और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने फिर से ट्रॉफी जीती।
अब टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास इतिहास रचने का मौका है। अगर भारत यह मैच जीतता है तो टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है।
दूसरी तरफ न्यूजीलैंड भी अपने पहले टी20 विश्व कप खिताब की तलाश में है। कीवी टीम इससे पहले 2021 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आज के फाइनल में कौन सी टीम बाजी मारती है।