बिहार की राजनीति में एक अहम बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल होकर सक्रिय राजनीति में अपनी शुरुआत कर दी है। पार्टी में शामिल होने के बाद वह अपने पिता नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया।
निशांत कुमार की यह तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। तस्वीर में वह अपने पिता को सोनपापड़ी खिलाते नजर आ रहे हैं, जो उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके निशांत कुमार अब तक राजनीति से दूर रहे थे। हालांकि लंबे समय से उनके राजनीति में आने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अब जदयू में शामिल होकर उन्होंने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन’, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता का राज्यसभा सदस्य बनने का फैसला व्यक्तिगत है और वह उसका सम्मान करते हैं। जदयू कार्यकर्ताओं ने भी निशांत कुमार का जोरदार स्वागत किया। पार्टी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
इस बीच राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि आने वाले समय में निशांत कुमार को सरकार में बड़ी भूमिका दी जा सकती है। कुछ नेताओं का कहना है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
इसके अलावा यह भी संभावना जताई जा रही है कि उन्हें जल्द ही बिहार विधान परिषद का सदस्य बनाया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उनके राजनीति में आने से बिहार की राजनीति में नई हलचल जरूर दिखाई दे रही है।