Written By: Sweta Sharma
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान परिषद को संबोधित करते हुए विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और राज्य की बदलती छवि को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष के रवैये को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सीएम योगी ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का आधिकारिक दस्तावेज होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा महिला राज्यपाल के प्रति किया गया व्यवहार अशोभनीय और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक पदों का सम्मान लोकतंत्र की मूल भावना है और प्रतिपक्ष का आचरण लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है।
विपक्ष के व्यवहार पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख होती हैं और उनके प्रति असम्मानजनक व्यवहार अवमानना की श्रेणी में आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस प्रकार का विपक्ष है, उससे संवैधानिक मूल्यों के सम्मान की अपेक्षा करना मुश्किल है।
‘यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा’
अपने भाषण के दौरान सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अपराध और अराजकता का प्रतीक बन चुका था, जहां माफिया समानांतर सरकार चलाते थे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने “रूल ऑफ लॉ” स्थापित किया है और अब प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा, “आज यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा है, यूपी में सब चंगा है।”
मैं गांधीवादी हूं, नेहरूवादी हूं लेकिन राहुलवादी नहीं’ — मणिशंकर अय्यर
राम मंदिर और सांस्कृतिक मुद्दों का जिक्र
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलवाई थी और धार्मिक आयोजनों का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रनायकों और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रगीत और सांस्कृतिक प्रतीकों का अपमान संविधान की भावना के विपरीत है।
विकास और बदलती पहचान पर जोर
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य खाद्यान्न उत्पादन में अग्रणी बना है और किसानों की स्थिति मजबूत हुई है। प्रदेश की पहचान अब दंगों से नहीं बल्कि रंगोत्सव और दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में यूपी सरप्लस स्टेट बना है और किसान अब सिर्फ वोटबैंक नहीं बल्कि उद्यमी बन रहे हैं।