राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संसद में संबोधन, कहा– 10 वर्षों में भारत मजबूत बना

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राजनीती राष्ट्रीय

संसद के बजट सत्र 2026 की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ हुई। 28 जनवरी 2026 को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और देश की विकास यात्रा का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कविगुरु रविंद्रनाथ टैगोर के विचारों को दोहराते हुए कहा कि आज़ादी तब तक अधूरी है, जब तक देश आत्मनिर्भर जीवन नहीं जीता।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि बीते 10–11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। देश की आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है और महंगाई दर को नियंत्रण में रखने का रिकॉर्ड कायम किया गया है। इसका सीधा लाभ मध्यम वर्ग और गरीब तबके को मिला है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़ा है।

आतंकवाद पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि देश से आतंक का सफाया करने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया गया है और भविष्य में भी किसी भी आतंकी हमले का जवाब दृढ़ और प्रभावी तरीके से दिया जाएगा। सिंधु जल समझौते से जुड़े फैसले भी इसी रणनीति का हिस्सा हैं।

इक्विटी कमेटी नियमों पर बढ़ा विवाद, मायावती ने किया बचाव – Sindhu Times

माओवाद पर राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार की सख्त नीति के चलते माओवाद प्रभावित जिलों की संख्या 126 से घटकर केवल 8 रह गई है। इनमें से सिर्फ 3 जिले गंभीर रूप से प्रभावित हैं। 2,000 से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं और वह दिन दूर नहीं जब देश पूरी तरह आतंक और हिंसा से मुक्त होगा।

विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने बताया कि सोलर पावर सेक्टर में भारत ने तेज़ी से प्रगति की है। अब तक 20 लाख से अधिक सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। पूर्वोत्तर भारत में 7,200 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए गए हैं और रेलवे विकास पर 80,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है।

कृषि क्षेत्र पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 4 लाख करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं। फूड प्रोसेसिंग क्षमता में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मत्स्यपालन में 2014 की तुलना में 105 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर राष्ट्रपति ने कहा कि 10 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है और 60 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *