इंडिगो द्वारा 700 से अधिक उड़ान स्लॉट खाली किए जाने के बाद भारतीय विमानन क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। नागर विमानन मंत्रालय ने इन स्लॉट्स के उपयोग के लिए अन्य एयरलाइनों से आवेदन तो मांगे हैं, लेकिन विशेषज्ञों को इसमें सीमित दिलचस्पी की उम्मीद है।
इन 717 स्लॉट्स में से आधे से ज्यादा देश के प्रमुख मेट्रो हवाई अड्डों से जुड़े हैं। हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे व्यस्त एयरपोर्ट्स पर स्लॉट मिलना आमतौर पर मुश्किल होता है, ऐसे में यह मौका खास माना जा रहा है।
यह स्थिति दिसंबर में इंडिगो के परिचालन संकट के बाद बनी। उस दौरान हजारों उड़ानें रद्द और देरी का शिकार हुई थीं। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए DGCA ने इंडिगो की शीतकालीन उड़ानों में 10 प्रतिशत कटौती का फैसला लिया था। नतीजतन, एयरलाइन को कई स्लॉट वापस करने पड़े।
उत्तर प्रदेश दिवस पर सीएम योगी का संदेश—इतिहास, विरासत का नया अध्याय – Sindhu Times
हालांकि, एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि जनवरी से मार्च जैसे कम समय के लिए नए स्लॉट लेना व्यावहारिक नहीं है। किसी नए रूट पर उड़ान शुरू कर कुछ ही हफ्तों में उसे बंद करना एयरलाइनों के लिए घाटे का सौदा हो सकता है।
इसके अलावा, कई स्लॉट देर रात या तड़के के समय के हैं, जिन्हें ‘रेड-आई फ्लाइट’ कहा जाता है। यात्रियों की कम मांग के कारण ऐसी उड़ानों में एयरलाइंस आमतौर पर रुचि नहीं दिखातीं।
इस बीच, DGCA ने इंडिगो पर परिचालन खामियों के लिए 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है और 50 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा करने का निर्देश दिया है। यह मामला देश के विमानन सेक्टर में संचालन अनुशासन की अहमियत को फिर से उजागर करता है।