भुवनेश्वर में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। मंगलवार देर रात कैपिटल हॉस्पिटल चौक के पास एक थार कार ने बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा रात करीब साढ़े बारह बजे का बताया जा रहा है। मृतक राजा पेड़िनी अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। दोनों युवक एयरपोर्ट चौक से कैपिटल हॉस्पिटल की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही उन्होंने सड़क पर यू-टर्न लेने की कोशिश की, उसी समय तेज रफ्तार में आ रही थार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई। राजा थार के नीचे आ गया और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे गिर पड़ा।
पति की जीभ काटने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार – Sindhu Times
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद की और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया है। उसकी हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
राजा की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और माहौल गमगीन हो गया। लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके से थार कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।